Chhattisgarh Jashpur News: जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर में 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बनकर उभरा है। आधुनिक खेल परिसर से जिले के युवाओं को नियमित अभ्यास करने, अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतियोगिताओं की तैयारी करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 28 मार्च 2026 को जशपुर प्रवास के दौरान इस इंडोर स्टेडियम का शुभारंभ किया था। इस परिसर में बास्केटबॉल के साथ शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस के अभ्यास की सुविधा भी उपलब्ध होगी। एक ही स्थान पर विभिन्न खेलों की सुविधाएं मिलने से बच्चों और युवाओं को अपनी रुचि के अनुसार खेल चुनने और कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी।

इनडोर स्टेडियम होने के कारण खिलाड़ियों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अभ्यास जारी रखने में सहूलियत होगी। बास्केटबॉल से शारीरिक क्षमता, गति और टीम भावना विकसित करने का अवसर मिलेगा, जबकि शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस जैसे खेल एकाग्रता, रणनीतिक सोच और मानसिक दक्षता को बढ़ावा देंगे। इससे जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

जशपुर जिले के ग्रामीण और जनजातीय अंचलों में भी अनेक बच्चे और युवा विभिन्न खेलों में रुचि रखते हैं। बेहतर खेल अधोसंरचना उपलब्ध होने से इन क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता विकसित करने और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों की तैयारी करने में सहायता मिलेगी। स्टेडियम के माध्यम से खिलाड़ियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए अभ्यास का बेहतर अवसर मिल सकेगा।

राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने, युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को आगे लाने पर जोर दे रही है। जशपुर में निर्मित यह मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आधुनिक सुविधाओं और नियमित अभ्यास के अवसरों से जिले के खिलाड़ियों को भविष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

शेयर करें

By admin