Chhattisgarh Mungeli News: मुंगेली। शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर लोरमी में मां दुर्गा की भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। नगर के प्राचीन महामाया मंदिर सहित विभिन्न दुर्गा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। मंदिरों और पंडालों में पूजा-अर्चना, हवन और महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोरमी पुलिस ने भी सेवा और समर्पण की पहल करते हुए थाना परिसर में स्थापित मां दुर्गा के पंडाल में भव्य भंडारा आयोजित किया। महाष्टमी के पावन अवसर पर नगर के ऐतिहासिक सिद्धपीठ प्राचीन महामाया मंदिर में मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, विभिन्न सार्वजनिक दुर्गा पंडालों में विशेष पूजा, महाहवन और महाआरती संपन्न हुई। भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसी क्रम में लोरमी थाना परिसर में स्थापित मां जगजननी के पंडाल में पुलिस विभाग की ओर से विशेष पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक आयोजन में पुलिसकर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भंडारे के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माधुरी धीरही, लोरमी थाना प्रभारी पवन देवांगन और थाने के अन्य स्टाफ ने मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने स्वयं श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की इस पहल को देखकर स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। धार्मिक आयोजन के माध्यम से लोरमी पुलिस ने जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। महाष्टमी पर आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया। शेयर करें Post navigation Balod News: 10वीं-12वीं पास से इंजीनियरिंग और ग्रेजुएट अभ्यर्थियों तक मौका, चार निजी कंपनियां करेंगी भर्ती