Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। नवा रायपुर (अटल नगर) में बुधवार को 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। करीब 11 वर्षों के अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ को इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। दो दिवसीय सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book-2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। यह प्रकाशन छत्तीसगढ़ में स्थानीय निकाय निर्वाचन की प्रक्रियाओं, उपलब्धियों, नवाचारों और चुनावी व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी को एक दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत करता है।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने त्रिस्तरीय पंचायतों और स्थानीय निकायों की निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी और तकनीक-सक्षम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में स्थानीय निकायों के चुनाव प्रबंधन में निरंतर सुधार और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग की आवश्यकता है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त छत्तीसगढ़ अजय सिंह ने स्वागत भाषण में देशभर से पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्तों और विशेषज्ञों का स्वागत किया तथा सम्मेलन के उद्देश्यों की जानकारी दी। मुख्य सचिव विकास शील ने स्थानीय स्वशासन, निर्वाचन प्रक्रिया को सुगम बनाने और प्रशासन तथा निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव ने भी अपने विचार रखे। सम्मेलन के संयोजक सुधांशु पांडे ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी सहित देशभर से आए वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सम्मेलन के दूसरे दिन 17 सितंबर को नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में स्थायी समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (NRDA) की ओर से नवा रायपुर के निर्माण और विकास मॉडल पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा।

सम्मेलन में शामिल अतिथियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भ्रमण भी कराया जाएगा। दो दिवसीय सम्मेलन में स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों को अधिक तकनीक-सक्षम, पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जा रही है।

शेयर करें

By admin

ताजा खबर