Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) प्रबंधन ने भिलाई टाउनशिप में जर्जर एवं अनफिट घोषित आवासों में रह रहे लोगों और अवैध कब्जाधारियों से ऐसे आवासों को शीघ्र खाली करने की अपील की है। प्रबंधन का कहना है कि संरचनात्मक रूप से कमजोर हो चुके भवनों में रहना रहवासियों और उनके परिवारजनों की सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। खासकर बारिश के दौरान जर्जर भवनों में दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। बीएसपी प्रबंधन के अनुसार, समय के साथ संरचनात्मक रूप से कमजोर हुए कई आवासों को निवास की दृष्टि से अयोग्य और जोखिमपूर्ण घोषित किया जा चुका है। भवनों की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इनमें रहना सुरक्षित नहीं है। देश के विभिन्न हिस्सों में हाल के दिनों में जर्जर भवनों से जुड़ी दुर्घटनाओं को देखते हुए ऐसे आवासों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। बीएसपी टाउनशिप में अवैध कब्जों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर सेवाएं विभाग के प्रवर्तन अनुभाग द्वारा अवैध कब्जाधारियों और भू-माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। टाउनशिप को अवैध कब्जों और अनधिकृत अतिक्रमण से मुक्त कराने के उद्देश्य से प्रवर्तन अनुभाग व्यापक स्तर पर अभियान चला रहा है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अनफिट एवं जर्जर घोषित आवासों में रहना सुरक्षित नहीं है। ऐसे आवासों में निवासरत लोगों और अवैध कब्जाधारियों से अपील की गई है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित आवासों को जल्द खाली कर दें। इससे संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ संबंधित आवासों के संबंध में प्रबंधन द्वारा की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई भी सुचारु रूप से सुनिश्चित की जा सकेगी। बीएसपी प्रबंधन ने कहा कि टाउनशिप में सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवासीय वातावरण सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जर्जर एवं जोखिमपूर्ण भवनों को लेकर की जा रही कार्रवाई का उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम और टाउनशिप में सुरक्षित आवासीय व्यवस्था को मजबूत करना है। शेयर करें Post navigation TI Transfer News: रायपुर में थाना प्रभारियों का तबादला, कई TI को मिली नई जिम्मेदार Bijapur News: बीजापुर में 50 भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में जाने का दावा, BJP जिलाध्यक्ष ने बताया झूठ