Chhattisgarh Pratappur News: प्रतापपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जिला सूरजपुर की प्रतापपुर इकाई द्वारा शुक्रवार, 5 सितंबर को नगर के शासकीय कालिदास महाविद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षकों का सम्मान किया गया। अभाविप कार्यकर्ताओं ने शिक्षकों को श्रीफल, पेन एवं डायरी भेंट कर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे शिल्पकार होते हैं। वे अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के साथ ही राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों का योगदान एक सशक्त, संस्कारित और विकसित समाज के निर्माण में सदैव महत्वपूर्ण रहा है। अभाविप कार्यकर्ताओं ने शासकीय कालिदास महाविद्यालय प्रतापपुर के प्राचार्य रजनीश प्रसाद सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षकों को सम्मानित किया। इसी क्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रतापपुर के प्राचार्य भरत नाग, शिक्षक सुजीत मौर्य सहित अन्य शिक्षकों का भी सम्मान किया गया। अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उन्हें सही दिशा दिखाकर जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। शिक्षक दिवस पर शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना विद्यार्थियों के साथ ही पूरे समाज का दायित्व है। सम्मानित शिक्षकों ने अभाविप कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से शिक्षकों का उत्साह और मनोबल बढ़ता है। साथ ही समाज में शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना भी मजबूत होती है। कार्यक्रम में अभाविप प्रतापपुर इकाई के नगर मंत्री बरत लाल आयम, धरमपुर नगर मंत्री नारायण राम पैकरा, नरेंद्र सिंह, राज यादव, अभिषेक कुशवाहा, श्याम यादव, महेश्वर पैकरा, आशीष सिंह, अनुराधा सिंह, दिव्या कश्यप, दिव्या श्रीवास्तव, सत्या, सूर्या पैकरा, दयाशंकर, मोनिका, प्रमोद सिंह, मीना, लक्ष्मी सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शेयर करें Post navigation Kondagaon News: बस्तर फाइटर और जिला बल में नौकरी लगवाने का दावा, लाखों की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार