Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। भिलाई-3 रेलवे स्टेशन के मुख्य स्टेशन प्रबंधक (CSM) लखबीर सिंह मुंघेरा के सेवानिवृत्ति अवसर पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल शामिल हुए। इस दौरान रेलवे अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने लखबीर सिंह मुंघेरा को उनके 35 वर्षों की सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। 35 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद हुए सेवानिवृत्त लखबीर सिंह मुंघेरा ने वर्ष 1991 में भारतीय रेलवे में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। उन्होंने वर्ष 1995 में दुर्ग में पदस्थ होकर करीब 28 वर्षों तक दुर्ग क्षेत्र में सेवाएं दीं। इसके बाद उन्हें भिलाई-3 रेलवे स्टेशन में मुख्य स्टेशन प्रबंधक के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। 31 अगस्त 2026 को उनकी सेवा का अंतिम दिन है। सांसद विजय बघेल ने की कार्यशैली की सराहना सांसद विजय बघेल ने लखबीर सिंह मुंघेरा को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मुंघेरा ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ किया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 से 15 वर्षों में उन्हें करीब से देखने का अवसर मिला और उनकी कार्यशैली व व्यवहार हमेशा प्रेरणादायक रहा। उनकी सेवा के दौरान कभी कोई दाग नहीं लगा। सांसद ने कहा कि रेलवे जैसी महत्वपूर्ण संस्था में कई आदेशों और निर्देशों का पालन करना होता है, जिसे मुंघेरा ने पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाया। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज सेवा और रचनात्मक कार्यों से जुड़े रहने की शुभकामना दी। उपभोक्ता सलाहकार समिति में जिम्मेदारी देने की पहल सांसद विजय बघेल ने बताया कि लखबीर सिंह मुंघेरा के अनुभवों का लाभ समाज और रेलवे से जुड़े कार्यों में लिया जा सके, इसके लिए उन्हें उपभोक्ता सलाहकार समिति में जिम्मेदारी देने के लिए नियुक्ति पत्र भेजा गया है। वहीं, अपने संबोधन में लखबीर सिंह मुंघेरा ने रेलवे सेवा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 1991 में भुसावल, महाराष्ट्र से सेवा की शुरुआत की थी। उन्होंने भिलाई-3 स्टेशन में कार्यकाल के दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के अवसर को भी याद किया। उन्होंने कहा कि अब वे अपना समय समाज सेवा में लगाने का प्रयास करेंगे। गीतों से यादगार बना समारोह विदाई समारोह के दौरान लखबीर सिंह मुंघेरा ने अपनी मधुर आवाज में “उलझे हुए लम्हों की चटक सांझ तो होगी” गीत प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। वहीं सांसद विजय बघेल ने भी “दीये जलते हैं, फूल खिलते हैं” गीत प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सांसद विजय बघेल ने केक काटकर लखबीर सिंह मुंघेरा को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। समारोह में रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, मुंघेरा के परिवारजन और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। शेयर करें Post navigation Bijapur News: नक्सल चुनौती से डिजिटल दौर तक बदला पत्रकारिता का चेहरा, बीजापुर में विश्वसनीयता सबसे बड़ी कसौटी Bhilai News: निकाय चुनाव के लिए BJP ने कसी कमर, सांसद विजय बघेल बोले- एकजुट होकर मैदान में उतरें कार्यकर्ता