Jabalpur News: शहर के सबसे पुराने और व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र बड़ा फुहारा में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां 30 साल से अधिक पुरानी चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। राहत की बात यह रही कि मंगलवार होने के कारण बाजार बंद था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई और लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। भवन के ग्राउंड फ्लोर पर ‘सोसाइटी साड़ी भंडार’ नाम से कपड़े की दुकान संचालित होती थी। बताया जा रहा है कि इमारत के मालिक राजा जैन हैं। हादसे में इमारत के सामने खड़ी एक कार मलबे की चपेट में आ गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मलबा हटाने का काम शुरू किया गया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि मलबे के नीचे कोई व्यक्ति फंसा न हो। वहीं, घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने मौके पर पहुंचकर नगर निगम और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि शहर में कई जर्जर और खतरनाक इमारतें अब भी खड़ी हैं, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर नगर निगम द्वारा जर्जर भवनों के सर्वे और कार्रवाई के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शेयर करें Post navigation Indore Latest News: राऊ-रंगवासा ब्रिज पर रुकी ट्रेन, समोसे लेने उतरे लोको पायलट का दावा; जांच की मांग Dewas News: एमपी में भाजपा के पूर्व विधायक पहाड़सिंह कन्नौजे का निधन, हार्ट अटैक से ली अंतिम सांस