Chhattisgarh Bastar News: बस्तर। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो पिकअप से करीब 215 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.07 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मामला नगरनार थाना क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक सफेद बोलेरो पिकअप में दो व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर धनपुंजी फॉरेस्ट नाका पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। शनिवार देर रात संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखी 9 प्लास्टिक बोरियों से 105 पैकेट गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे का कुल वजन 214.300 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजे के अलावा बोलेरो पिकअप, एक सैमसंग मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। वाहन रुकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला, जबकि चालक को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय पांडेय (34), निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम सोनू यादव बताया है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है। सीएसपी सुमीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(ग) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। शेयर करें Post navigation CG Weather Update: अगले 48 घंटे बरसेंगे बादल, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान Durg News: ‘तकनीक से जुड़ेगा कार्यकर्ता, तभी मजबूत होगा बूथ’, उतई में भाजपा ने दिया नमो और सरल ऐप का प्रशिक्षण