CG Weather Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और बीते दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों को तरबतर कर दिया है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब (लो प्रेशर एरिया) के प्रभाव से राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई शहरी और ग्रामीण इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि नदियों और नालों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक प्रदेश के मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है और 25 से अधिक जिलों के लिए रेड, ऑरेंज तथा यलो अलर्ट जारी किया है। अवदाब के असर से बरस रहे बादल भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल तट पर बना अवदाब लगातार सक्रिय है। इसी सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ में नमी युक्त हवाएं पहुंच रही हैं, जिससे अधिकांश जिलों में तेज बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक यह प्रणाली सक्रिय रहेगी, जिसके चलते मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। हालांकि 8 जुलाई से बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। रायपुर सहित कई जिलों में झमाझम बारिश पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा हुई। सबसे अधिक राजिम में 19 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा दुर्ग में 18 सेंटीमीटर, छुरा में 16 सेंटीमीटर, रायपुर शहर, राजनांदगांव और पाटन में 15-15 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसी तरह गोबरा नवापारा और माना में 14-14 सेंटीमीटर, अर्जुन्दा में 13 सेंटीमीटर, लाभांडी और गुंडरदेही में 12-12 सेंटीमीटर तथा भिलाई में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। वहीं कोमाखान में 10 सेंटीमीटर और महासमुंद, बागबाहरा, मंदिर हसौद, डभरा तथा अहिवारा में 8-8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। धमतरी, धरसीवा, अभनपुर, गरियाबंद, डोंगरगढ़, कुरूद सहित कई क्षेत्रों में 7 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। रायपुर में आज भी भारी बारिश के आसार मौसम विभाग ने रायपुर के लिए सोमवार को भी भारी बारिश की संभावना जताई है। दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। राजधानी का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 25 से अधिक जिलों में अलर्ट जारी मौसम विभाग ने धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया सहित कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, रायगढ़, सरगुजा सहित अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि सुकमा, जशपुर, बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन और मौसम विभाग की अपील लगातार बारिश और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। प्रशासन ने भी जिला अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। शेयर करें Post navigation Raigarh Accident News: रायगढ़ में ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचला, दो की मौके पर मौत Bastar News: छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 215 किलो गांजा बरामद, एक आरोपी फरार