Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। तेलघानी नाका स्थित करीब 40 वर्ष पुराने जर्जर ओवरब्रिज को बुधवार शाम से स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। अब इस पुल से कार, बाइक समेत किसी भी वाहन की आवाजाही नहीं हो सकेगी। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पुल के दोनों ओर बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। इसके बाद वाहन चालक बगल में बने दूसरे ओवरब्रिज से आवाजाही कर रहे हैं। रेलवे ने करीब चार वर्ष पहले ही इस पुल को असुरक्षित घोषित कर दिया था। इसके बावजूद अब तक यहां सीमित आवाजाही जारी थी। सुरक्षा के मद्देनजर पहले भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। पुल के पिलरों की मरम्मत कर लोहे के अतिरिक्त सपोर्ट भी लगाए गए थे। अब सुरक्षा कारणों से सभी तरह के वाहनों के लिए पुल बंद कर दिया गया है। पुराने ओवरब्रिज को तोड़कर उसकी जगह नया पुल बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए रेलवे और लोक निर्माण विभाग का संयुक्त सर्वे पूरा हो चुका है। दोनों विभाग अपने-अपने हिस्से की ड्राइंग तैयार कर रहे हैं। रेलवे ट्रैक के ऊपर का हिस्सा रेलवे के अधिकार क्षेत्र में आएगा, जबकि शेष निर्माण की जिम्मेदारी PWD की होगी। दोनों विभागों की ड्राइंग को मिलाकर अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके बाद तकनीकी मंजूरी के लिए इसे रेलवे मुख्यालय भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। हालांकि, नया पुल कब तक बनकर तैयार होगा, इसकी समय-सीमा अभी तय नहीं की गई है। पीडब्ल्यूडी वर्ष 2022 से ही पुराने ओवरब्रिज को बदलने की तैयारी कर रहा था, लेकिन बजट और तकनीकी प्रक्रियाओं के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी। रेलवे ट्रैक के ऊपर निर्माण होने के चलते रेलवे की सहमति और तकनीकी मंजूरी जरूरी थी। इसी वजह से दोनों विभागों के बीच प्रक्रिया लंबित रही। अब संयुक्त सर्वे पूरा होने के बाद योजना अगले चरण में पहुंच गई है। पीडब्ल्यूडी ने पहले 30 सितंबर से पुल बंद करने की तैयारी की थी। इसके लिए यातायात विभाग से अनुमति भी मिल गई थी, लेकिन त्योहारों के दौरान बाजारों और सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका के चलते फैसला टाल दिया गया। त्योहार समाप्त होने के बाद बुधवार शाम से पुल को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया। नए पुल के निर्माण की तकनीकी मंजूरी मिलने और काम शुरू होने तक वाहन चालकों को बगल वाले ओवरब्रिज से ही आवाजाही करनी होगी। शेयर करें Post navigation CG News: छत्तीसगढ़ में बैंकिंग सेवाओं का होगा विस्तार, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से IDBI बैंक के अधिकारियों ने की मुलाकात Kanker Latest News: धान खरीदी में ऑनलाइन-ऑफलाइन टोकन 50-50 करने की मांग, किसानों ने उठाए सवाल