Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने तथा किसानों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में IDBI बैंक ने पहल की है। इसी सिलसिले में 25 नवंबर 2026 को बैंक के मुख्य महाप्रबंधक एवं छत्तीसगढ़ और ओडिशा के प्रभारी सुजीत कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री एवं गृह तथा पंचायती राज मंत्री विजय शर्मा से उनके कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की।

बैठक के दौरान बैंक अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ में IDBI बैंक के मौजूदा नेटवर्क और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। इसमें नियमित बैंक शाखाओं के साथ सीएससी मॉडल के तहत संचालित ‘समीप’ केंद्रों के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने की योजना शामिल रही। बैंक ने ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।

धान कटाई के बाद किसानों को नकदी निकासी में मिलेगी सुविधा

बैठक में धान कटाई के बाद किसानों को सुगम और निर्बाध नकद निकासी की सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष चर्चा हुई। सहकारी बैंकों के माध्यम से मिल रही सुविधाओं को अतिरिक्त सहयोग देने और किसानों की नकदी तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। IDBI बैंक ने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर इस दिशा में हरसंभव सहायता और सहयोग देने का आश्वासन दिया।

जनजातीय संस्कृति के संरक्षण में भी करेगा सहयोग

IDBI बैंक ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रमों के तहत छत्तीसगढ़ के जनजातीय लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति भी प्रतिबद्धता जताई। इसके लिए स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वाद्ययंत्र, ध्वनि प्रणाली और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग देने की बात कही।

राज्य के विकास में भागीदारी की प्रतिबद्धता

बैठक को सार्थक बताते हुए IDBI बैंक ने छत्तीसगढ़ के समावेशी विकास और सर्वांगीण प्रगति के लिए राज्य सरकार के साथ निकट समन्वय में कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

शेयर करें

By admin