Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध रूप से धान का संग्रहण और सरकारी खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिशों पर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। धमतरी जिले में पिछले दो दिनों से लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी में प्रशासन ने चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए करीब 1000 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। घुटकेल, उमरगांव, सांकरा और सिंगपुर गांव में हुई इस कार्रवाई से अवैध धान कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, चारों गांवों में बिना वैध दस्तावेजों के धान का संग्रहण किया गया था। जांच के दौरान संबंधित लोगों के पास न तो मंडी लाइसेंस मिला और न ही धान खरीदी से जुड़े वैध रिकॉर्ड मिले। आशंका है कि इस धान को समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीदी केंद्रों में बेचकर अवैध मुनाफा कमाने की तैयारी थी। प्रशासन ने मौके पर ही करीब 1000 क्विंटल धान जब्त किया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है। प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान धान जब्त करने के साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ दंडात्मक प्रकरण भी तैयार किया है। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और बिचौलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। इस दौरान अवैध धान की खरीदी, बिक्री और परिवहन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए जिला प्रशासन ने विशेष टीम गठित की है, जो जिलेभर में सतत निगरानी कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। शेयर करें Post navigation Raipur Latest News: सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नगरीय प्रशासन सख्त, रायपुर निगम के उपायुक्त और जोन-4 आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी Chhattisgarh News: प्रश्नपत्र छापने वाली समिति से जुड़े आरोपी के साथ रची थी साजिश, परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को बेचा पेपर, EOW ने दो को दबोचा