Chhattisgarh News: रायपुर: छत्तीसगढ़ में विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए नवा रायपुर में आधुनिक साइंस सिटी स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को महानदी भवन, अटल नगर नवा रायपुर में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित साइंस सिटी की स्थापना से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करने के साथ आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का उपयोग जनकल्याण और राज्य के विकास में किया जाना चाहिए। साइंस सिटी में होंगे 7-D थिएटर और प्लेनेटेरियम बैठक में प्रस्तावित साइंस सिटी की सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी गई। यहां 7-D थिएटर, टाइम मशीन सिम्युलेटर, प्लेनेटेरियम, स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी गैलरी, ऑन एयर विज्ञान पार्क, द ग्रीन गार्डियन, स्पेस ओडिसी, साइंस ऑन स्फीयर, डिजिटल पैनोरमा, ऑडिटोरियम और रिन्यूएबल एनर्जी पार्क विकसित किए जाएंगे। इन सुविधाओं के माध्यम से बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को विज्ञान के जटिल सिद्धांतों तथा आधुनिक तकनीकों को सरल, रोचक और अनुभवात्मक तरीके से समझने का अवसर मिलेगा। उप मुख्यमंत्री एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी से विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों को लाभ होगा। साथ ही यह प्रदेश में पर्यटन के लिहाज से भी आकर्षण का केंद्र बनेगी। विश्वविद्यालयों से जोड़ी जाएंगी सिकॉस्ट की प्रयोगशालाएं मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सिकॉस्ट) में स्थापित विभिन्न केंद्रीय प्रयोगशालाओं को प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से जोड़ने के निर्देश दिए। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक प्रयोगशालाओं की सुविधाएं मिल सकेंगी और युवा वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे। बैठक में समर साइंस कैंप के तहत संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा विज्ञान केंद्र में स्थापित की जा रही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) गैलरी की जानकारी दी गई। सूरजपुर जिले के मायापुर में कर्क रेखा गुजरने वाले क्षेत्र में प्रस्तावित एस्ट्रो साइंस पार्क के निर्माण पर भी चर्चा हुई। कृषि और आपदा प्रबंधन में होगा आधुनिक तकनीक का उपयोग मुख्यमंत्री ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी परियोजनाओं का लाभ शासन के विभिन्न विभागों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कृषि, ग्रामीण विकास, पर्यावरण और राजस्व सहित विभिन्न विभागों की जरूरतों के अनुसार परियोजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन, निर्माण कार्यों की निगरानी, राजस्व निरीक्षण, भू-अभिलेखों के प्रबंधन और भूमि उपयोग के आकलन जैसे कार्यों में आधुनिक वैज्ञानिक एवं तकनीकी संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग करने को कहा। मुख्यमंत्री ने शासकीय विभागों के साथ निजी संस्थाओं और फर्मों को भी आवश्यक वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। युवाओं के नवाचार और पेटेंट को मिलेगा प्रोत्साहन बैठक में बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित सहायता और मार्गदर्शन के लिए जारी टोल फ्री नंबर की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री साय ने प्रतिभाशाली युवाओं, शोधकर्ताओं और नवाचार करने वाले लोगों को पेटेंट सहित विभिन्न बौद्धिक संपदा अधिकार प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहयोग देने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य युवाओं की वैज्ञानिक खोजों और मौलिक विचारों को संरक्षण दिलाना तथा उन्हें उचित पहचान दिलाने में मदद करना है। चलित विज्ञान बस से गांव-गांव पहुंचेगी वैज्ञानिक जानकारी प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चलित विज्ञान जागरूकता बस के संचालन पर भी चर्चा हुई। इस बस के माध्यम से बच्चों और आम नागरिकों तक वैज्ञानिक प्रयोगों, आधुनिक तकनीकों और विज्ञान से जुड़ी रोचक जानकारियां पहुंचाई जाएंगी। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विभाग को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के नवाचारों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और अनुसंधान आधारित परियोजनाओं को राज्य के विकास से जोड़ने के निर्देश दिए। शेयर करें Post navigation Chhattisgarh Latest News: पीएम आवास योजना में लापरवाही पर कार्रवाई, समीक्षा बैठक से गायब 5 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस Chhattisgarh News: धान खरीदी में किसानों को नहीं होगी परेशानी, रकबा घटने की शिकायतों पर CM साय ने जताई नाराजगी