Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के विकास के लिए 2853 करोड़ रुपये से अधिक की आठ परियोजनाओं पर अर्बन चैलेंज फंड के तहत काम करने की तैयारी है। बुधवार को नवा रायपुर में आयोजित क्षेत्रीय कार्यशाला में इन परियोजनाओं के वित्तीय प्रबंधन और क्रियान्वयन पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 10 बजे कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी शामिल होंगे। प्रस्तावित योजनाओं के लिए केंद्र सरकार से 713 करोड़ रुपये और राज्य शासन से 682 करोड़ रुपये मिलने का प्रस्ताव है। शेष 1458 करोड़ रुपये की व्यवस्था के लिए बैंक ऋण और अन्य वित्तीय विकल्पों पर विचार किया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राजधानी की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और शहरी विकास को गति देना है। प्रस्तावित परियोजनाओं में गंजमंडी के पुनर्विकास के लिए 1500 करोड़ रुपये और शहर की जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए 675 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। इसके अलावा सोकरानाला में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 197 करोड़ रुपये और भनपुरी-रावांभाठा ट्रांसपोर्ट नगर के विकास के लिए 150 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। इनके साथ व्यावसायिक परिसर का विकास, डंगनिया खदान बस्ती का पुनर्वास, जयस्तंभ चौक स्थित पुरानी निगम जमीन का विकास और नवीन मार्केट के पुनर्विकास की योजनाएं भी शामिल हैं। जलापूर्ति परियोजना के तहत नई पाइपलाइन बिछाने, पानी के मीटर लगाने और निगरानी प्रणाली विकसित करने पर काम किया जाएगा, ताकि जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। सोकरानाला सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से उपचारित पानी उद्योगों को उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी है। क्षेत्रीय कार्यशाला में इन परियोजनाओं के लिए धन जुटाने, वित्तीय प्रबंधन और क्रियान्वयन की रणनीति पर चर्चा होगी। इन योजनाओं के आगे बढ़ने से रायपुर में जलापूर्ति, सीवरेज, परिवहन और व्यावसायिक बुनियादी ढांचे में सुधार की उम्मीद है। शेयर करें Post navigation Korba News: डांस के विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक की हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार, चौथे आरोपी की तलाश जारी