Chhattisgarh Latest News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अर्बन चैलेंज फंड कॉन्क्लेव में छत्तीसगढ़ के शहरों में जलभराव, सीवरेज और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान कई जगह ऐसी स्थिति बन जाती है कि जहां वाहनों को चलना चाहिए, वहां नाव चलाने की नौबत आ जाती है। इस समस्या से निपटने के लिए सीवरेज सिस्टम दुरुस्त करने, जल निकासी बेहतर बनाने, बिजली के तार भूमिगत करने और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरों के सुनियोजित और आधुनिक विकास को प्राथमिकता दे रही है। शहरी विकास को लेकर दो एमओयू किए गए हैं, जिनसे आर्थिक सहायता के साथ तकनीकी सहयोग और विशेषज्ञों के सुझाव भी मिलेंगे। इससे शहरों की मौजूदा समस्याओं का समाधान करने और भविष्य की जरूरतों के अनुसार योजनाएं तैयार करने में मदद मिलेगी। सीएम साय ने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव आम जनजीवन और यातायात को प्रभावित करता है। इसके लिए महापौर और नगरीय निकायों को सीवरेज तथा ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने बिजली के तारों को भूमिगत करने और नागरिकों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में शहरों का व्यवस्थित, आधुनिक और टिकाऊ विकास महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य राज्य की जीडीपी को 6 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाना है। इसके लिए आर्थिक विकास के साथ शहरी अधोसंरचना को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री शहर समृद्धि योजना और नगरोत्थान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अर्बन चैलेंज फंड से शहरी विकास के नए अवसर मिलेंगे। सीएम साय ने कहा कि नक्सलवाद प्रदेश के विकास में लंबे समय तक बाधा रहा है। अब इसके खात्मे के बाद विकास कार्यों को और गति देने की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रायपुर में आयोजित कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ के शहरों के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वे 22 और 23 तारीख को प्रदेश में रहेंगी। इस दौरान उनके मूरिया दरबार में शामिल होने और जनता को संबोधित करने का कार्यक्रम है। शेयर करें Post navigation Khairagarh News: म्यूल अकाउंट के जरिए 1.86 लाख की ठगी, एक आरोपी रकम निकालता तो दूसरा डॉलर में बदलता था Korba News: डांस के विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक की हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार, चौथे आरोपी की तलाश जारी