Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के संभावित निजीकरण को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संयंत्र को बेचे जाने की आशंका जताते हुए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को अफवाह करार दिया है। भाजपा नेता केदार गुप्ता ने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट जनता का है और जनता का ही रहेगा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि एक उद्योगपति भिलाई इस्पात संयंत्र का दौरा करने आने वाले हैं। इसी आधार पर उन्होंने आशंका जताई कि केंद्र सरकार की नजर अब बीएसपी पर है। बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि भिलाई स्टील प्लांट छत्तीसगढ़ की आत्मा है और प्रदेशवासी इसे किसी भी सूरत में बिकने नहीं देंगे। उन्होंने भाजपा नेताओं से भी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की बात कही। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी भिलाई स्टील प्लांट को लेकर केंद्र सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार इस बात की गारंटी देगी कि बीएसपी और राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (NMDC) का निजीकरण नहीं किया जाएगा। बैज ने भूपेश बघेल के बयान का समर्थन करते हुए आरोप लगाया कि सरकार सार्वजनिक उपक्रमों और संपत्तियों को बेचने की दिशा में आगे बढ़ रही है। बैज ने सीमेंट और पावर कंपनियों के साथ नगरनार स्टील प्लांट तथा अन्य औद्योगिक इकाइयों का जिक्र करते हुए सार्वजनिक उपक्रमों के भविष्य को लेकर चिंता जताई। उन्होंने केंद्र सरकार से बीएसपी और एनएमडीसी को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इन संस्थानों के भविष्य को लेकर सरकार को अपना रुख साफ करना चाहिए। कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर भाजपा के वरिष्ठ नेता केदार गुप्ता ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे पर अदाणी का नाम लेकर राजनीति करती है। गुप्ता ने कांग्रेस पर राजनीतिक षड्यंत्र के तहत मुद्दे उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भिलाई स्टील प्लांट जनता का है और जनता का ही रहेगा। फिलहाल भिलाई स्टील प्लांट को लेकर कांग्रेस की आशंकाओं और भाजपा के जवाब के बीच राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से बीएसपी और एनएमडीसी के भविष्य पर स्पष्ट आश्वासन मांगा है, जबकि भाजपा ने संयंत्र को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया है। शेयर करें Post navigation Mahasamund News: पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था आरोपी, सुबह पुलिस निगरानी से निकलकर हुआ फरार Raipur News: कौशल्या माता धाम में राम की मूर्ति नहीं लगने और आदिवासी विभाग का नाम बदलने पर भड़के दीपक बैज, सरकार से फैसले वापस लेने की मांग