Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। देशभर के साथ राजधानी रायपुर में भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों में भजन-कीर्तन, झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, चौक-चौराहों पर दही हांडी फोड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा और गोविंदाओं की टोलियां इसमें हिस्सा लेंगी। समता कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विशेष आयोजन के साथ मनाया जाएगा। सुबह 7 बजे 101 किलो दूध से भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। सुबह 9 बजे से श्रद्धालुओं के लिए श्रीकृष्ण की झांकी के दर्शन शुरू होंगे। वहीं, अर्धरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके अलावा 5 सितंबर को दोपहर 2 बजे से रानी सती दादी का मंगल पाठ भी आयोजित किया जाएगा। नयापारा स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर ट्रस्ट में भी शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दूध अभिषेक के साथ होगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे श्रृंगार दर्शन होंगे। दोपहर 3 बजे से भजन प्रस्तुति और शाम 7 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भजन सम्राट कैलाश सोनी एवं उनकी टीम भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेगी। ब्राह्मणपारा स्थित श्री राधाकृष्ण स्वामी मुरली मनोहर सुहागा मंदिर में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को रात 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा, प्रदीप तिवारी, अधिवक्ता भूपेंद्र शर्मा, हरीश मिश्रा और संजय दीवान ने कार्यक्रम की जानकारी दी। जवाहर नगर स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर परिसर के श्री राधाकृष्ण मंदिर में भी शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ 501 लीटर दूध से श्री जुगलजोड़ी का दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इस दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन भी चलता रहेगा। सुबह 10:45 बजे भगवान को भोग अर्पित किया जाएगा और 11 बजे आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके अगले दिन 5 सितंबर को नंदोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी के अलग-अलग मंदिरों में होने वाले इन आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। मंदिरों में विशेष सजावट और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भव्य तरीके से मनाने की तैयारियां की गई हैं। शेयर करें Post navigation Ambikapur News: मंत्री के काफिले की गाड़ी पर गिरा टोल बैरियर, PA ने टोलकर्मी को पीटा; थाने में शिकायत CG Weather News: प्रदेश में सक्रिय रहेगा मानसून, कई जिलों में आंधी-वज्रपात को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट