Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर नरेश गुप्ता की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी 16 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने कथित तौर पर पिटाई का बदला लेने के लिए इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस जांच करते हुए आरोपी तक पहुंची। मामला तोरवा थाना क्षेत्र स्थित RPF कॉलोनी का है। यहां गुरुवार को पानी टंकी के पास कर्मचारी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही GRP, RPF और तोरवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। FSL टीम और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में एक संदिग्ध हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने नजर आया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने स्टोर रूम के पास रखी लोहे की वस्तु और हथौड़े जैसे भारी सामान से सुपरवाइजर के सिर पर हमला किया। हमले के बाद नरेश जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। बिहार के आरा के रहने वाले 35 वर्षीय नरेश गुप्ता रेलवे ठेकेदार अनिल सिंह की कंस्ट्रक्शन साइट पर सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे साइट पर काम करने वाले कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने नरेश को आवाज लगाई और फोन भी किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कर्मचारी गेट के अंदर पहुंचे तो जमीन पर नरेश की खून से सनी लाश देखकर उनके होश उड़ गए। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो हत्या के पीछे का कथित कारण सामने आया। पूछताछ में उसने बताया कि मंगलवार रात तेज बारिश हो रही थी और वह साइकिल से घर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े सुपरवाइजर नरेश के ऊपर साइकिल से बारिश का पानी छिटक गया। इससे नाराज होकर नरेश ने उसे रास्ते में रोककर तीन थप्पड़ मार दिए। नाबालिग ने इसे अपना अपमान माना और बदला लेने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत नाबालिग बुधवार रात करीब 11:30 बजे कंस्ट्रक्शन साइट पर पहुंचा और पीछे की तरफ से अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद उसने हथौड़ा और अन्य भारी सामान लिया और सुपरवाइजर के कमरे तक पहुंच गया। नरेश के सोने का इंतजार करने के बाद उसने कथित तौर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में नरेश की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। मामले में आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है। शेयर करें Post navigation Bilaspur News: TET के बिना प्रमोशन से वंचित शिक्षकों को हाईकोर्ट से राहत, नियुक्तियां अंतिम फैसले के अधीन Gariyaband News: 68 लाख की सड़क 3 साल में बनी, सालभर में हुई जर्जर, गड्ढों में धान और बेशरम के पौधे रोपकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन