Chhattisgarh Korba News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक महिला की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। महिला ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद और बहू की प्रताड़ना से परेशान होकर फांसी लगा ली। मौत से पहले महिला ने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा था। इसके अलावा घर की दीवार पर कथित सुसाइड नोट लिखकर बहू को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी (40) के रूप में हुई है, जो लक्ष्मणबंध बस्ती की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले महिला का अपने पति, बेटे और बहू के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद उसने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा। वीडियो में पारिवारिक विवाद से जुड़ी बातें सामने आने की बात कही जा रही है। परिजनों के अनुसार, महिला ने घर की दीवार पर एक कथित सुसाइड नोट भी लिखा था। इसमें उसने अपनी बहू पूर्णिमा महंत को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। पुलिस ने दीवार पर लिखी गई इस कथित लिखावट को जांच के दायरे में लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दीवार पर लिखी गई लिखावट की जांच हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से कराई जाएगी। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। वीडियो और कथित सुसाइड नोट की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच जारी रखी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कथित सुसाइड नोट और वीडियो की जांच के बाद ही महिला की मौत के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी। शेयर करें Post navigation Bilaspur News: जस्टिस कृष्ण राम महापात्र बन सकते हैं नए चीफ जस्टिस, कॉलेजियम ने की सिफारिश Kawardha News: गांजा तस्करों पर कबीरधाम पुलिस का शिकंजा, एक महीने में दूसरी बड़ी कार्रवाई; 2.50 करोड़ का सामान जब्त