Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। ग्राम परसदा में कथित अवैध प्लाटिंग और शासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर कलेक्टर से शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता संत राम लहरे ने नितिन त्रिपाठी और अम्बरीस गुप्ता पर बिना ले-आउट स्वीकृति और रेरा पंजीयन के प्लाट काटकर बिक्री करने तथा निर्माण कराने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही कॉलोनी से निकलने वाला गंदा पानी निस्तारी तालाब में छोड़े जाने से पानी दूषित होने की शिकायत भी की गई है। शिकायत के मुताबिक ग्राम परसदा, पेण्डारी, तहसील सकरी में खसरा नंबर 249/1 और 284 की करीब 20 से 30 डिसमिल शासकीय भूमि पर कथित तौर पर कब्जा कर निर्माण और प्लाटिंग की जा रही है। शिकायतकर्ता का दावा है कि शासकीय जमीन निजी भूमि से लगी होने का फायदा उठाकर उस पर भी कब्जा किया जा रहा है। शिकायत में नितिन त्रिपाठी और अम्बरीस गुप्ता पर ग्राम एवं नगर निवेश विभाग से ले-आउट स्वीकृत कराए बिना और रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी यानी रेरा में पंजीयन कराए बिना कॉलोनी विकसित करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि जमीन को छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजित कर बेचा जा रहा है और वहां भवन निर्माण भी कराया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने कॉलोनी से निकलने वाले सीवरेज और गंदे पानी को नाली के माध्यम से ग्राम परसदा के निस्तारी तालाब में छोड़े जाने का भी आरोप लगाया है। उनके मुताबिक इससे तालाब का पानी दूषित हो रहा है, जिससे ग्रामीणों को निस्तारी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संत राम लहरे ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने और कथित अवैध प्लाटिंग एवं निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने, जमीन की खरीदी-बिक्री, नामांतरण और डायवर्सन पर रोक लगाने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने कथित अवैध निर्माण हटाने और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग भी की है। फिलहाल शिकायत के आधार पर प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि लगाए गए आरोप कितने सही हैं। अब प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर है। शेयर करें Post navigation Kawardha News: गांजा तस्करों पर कबीरधाम पुलिस का शिकंजा, एक महीने में दूसरी बड़ी कार्रवाई; 2.50 करोड़ का सामान जब्त Pratappur News: राशन दुकान में बड़ी गड़बड़ी का आरोप, चावल-शक्कर और चना में अनियमितता के बाद भी FIR नहीं