Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात करीब 15 से 20 बदमाशों ने मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा स्थित उनके घर में घुसकर मारपीट की। हमले में कांग्रेस नेता गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनकी आंख में चोट आई है। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वारदात के पीछे पुरानी राजनीतिक रंजिश का एंगल भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा इलाके का है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू के घर में शनिवार देर रात हथियारों से लैस बदमाश पहुंचे। बताया जा रहा है कि हमलावरों की संख्या करीब 15 से 20 थी। घर में घुसने के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनकी आंख में गंभीर चोट आई है। कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू ने हमले के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू का हाथ होने का आरोप लगाया है। सिद्धू के मुताबिक, पुरानी राजनीतिक रंजिश के चलते उनके खिलाफ हमला करवाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर भाजपा नेता के खिलाफ किए जा रहे पोस्ट को लेकर उन पर शक जताया जा रहा था। इसी वजह से भाजपा नेता के समर्थक उनके घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। सिद्धू ने यह भी दावा किया कि उन्होंने पहले ही आईजी को अपनी जान को खतरा होने की सूचना दी थी। उनका आरोप है कि इससे पहले भी उनके खिलाफ फर्जी एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। वहीं भाजपा नेता प्रकाश साहू ने कांग्रेस नेता द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि घटना के समय वह अपने घर पर थे और वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साहू ने दावा किया कि गुरुप्रीत सिंह सिद्धू से उनकी पुरानी राजनीतिक रंजिश है और उन्होंने पहले ही आईजी को आवेदन देकर उन्हें झूठे मामले में फंसाए जाने की आशंका जताई थी। प्रकाश साहू ने आरोप लगाया कि वार्ड चुनाव में भाजपा की जीत से नाराज होकर उनके खिलाफ इस तरह का प्रोपेगेंडा किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। शेयर करें Post navigation Bijapur News: नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी, BGL लॉन्चर समेत विस्फोटक सामग्री जब्त CG Weather: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, 5 दिन तेज बारिश के आसार; कोरबा में सड़क पर बहा मलबा