Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा में कुछ युवकों के बीच विवाद के बाद एक युवक ने तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में तीनों युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग जुलूस में शामिल हुए थे। जुलूस के दौरान तात्यापारा इलाके में कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने अपने पास रखे चाकू से तीन युवकों पर हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना से जुलूस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटना में शामिल कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर चाकूबाजी की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर इलाके में पहले से पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है। रायपुर में पिछले कुछ दिनों से चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर पुलिस की चुनौती बढ़ी है। सोमवार रात भी राजधानी में अलग-अलग चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें दो लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में पर्व के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद जुलूस में चाकूबाजी की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शेयर करें Post navigation Jagdalpur News: वन विभाग की मेहनत रंग लाई, ट्रैप कैमरे में बच्चों को ले जाती दिखी मादा तेंदुआ Raipur News: बिजली वितरण के लिए टाटा पावर ने नियामक आयोग में दाखिल किया आवेदन, अभी अनुमति मिलना बाकी