Chhattisgarh Kondagaon News: कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ हादसा हो गया। जूनवानी के पास एक स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी और इसके बाद अनियंत्रित होकर काफिले के फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में फॉलो वाहन में सवार चार पुलिस जवान घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए कोंडागांव जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की तरफ जा रही एक स्कॉर्पियो अचानक जूनवानी के पास मंत्री के काफिले के सामने आ गई। स्कॉर्पियो ने मंत्री की कार को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सीधे फॉलो वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंत्री की कार, स्कॉर्पियो और फॉलो वाहन समेत तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। हादसे में फॉलो वाहन में सवार चार पुलिस जवानों को चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मंत्री केदार कश्यप को गंभीर चोट नहीं आई है और वह सुरक्षित हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली गई, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य की गई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्कॉर्पियो चालक और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की पूरी वजह और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट होगी। शेयर करें Post navigation Takhatpur News: घोंघा नदी के तेज बहाव में बहे 3 बच्चे, SDRF ने चलाया सर्च ऑपरेशन Balod News: 1.5 से 2 लाख खर्च कर किसान ने बनाया अनोखा कृषि यंत्र, खेती का काम हुआ आसान