Balrampur News: बलरामपुर: बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में लंबित अपराध, गुमशुदगी, गंभीर प्रकरण, चीटफंड व धोखाधड़ी, एनडीपीएस, साइबर अपराध, महिला एवं पॉक्सो मामलों के साथ यातायात और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई।

लंबित मामलों के जल्द निराकरण के निर्देश

एसपी वैभव बैंकर ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लंबित शिकायतों और पीड़ित मुआवजा प्रकरणों को भी जल्द निपटाने पर जोर दिया गया। उन्होंने गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और ऑपरेशन मुस्कान के तहत बच्चों की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश

एनडीपीएस मामलों की समीक्षा के दौरान जब्त वाहनों के राजसातीकरण, फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन और नशे के नेटवर्क से जुड़े लोगों की कड़ियां तलाशने के निर्देश दिए गए। एसपी ने नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

साइबर अपराध को लेकर जागरूकता पर जोर

15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चल रहे साइबर जागृति अभियान के तहत आम लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में म्यूल अकाउंट, फेक APK, OTP फ्रॉड और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

महिला और पॉक्सो मामलों में त्वरित कार्रवाई

महिला एवं पॉक्सो से जुड़े मामलों में पुलिस अधिकारियों को त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अपराधों की रोकथाम के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त मजबूत करने को भी कहा गया।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती

एसपी ने यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के अंत में एसपी वैभव बैंकर ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ कार्य करते हुए जनता की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी एसडीओपी, डीएसपी, थाना-चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

शेयर करें

By admin