Chhattisgarh Bhilai News : भिलाई। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में एक महिला पर बैटरी का पानी फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बातचीत बंद करने से नाराज युवक ने करीब 35 वर्षीय महिला पर रासायनिक पदार्थ फेंक दिया। हमले में महिला के साथ दो बच्चे भी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी और पीड़िता एक ही गांव के रहने वाले हैं। करीब छह महीने पहले दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत होती थी। पिछले कुछ समय से महिला ने युवक से बातचीत बंद कर दी थी, जिससे वह नाराज चल रहा था। प्रारंभिक जांच में इसी विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। पीड़िता दुर्ग से धमधा की ओर जल चढ़ाने के लिए जा रही थी। इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर उस पर बैटरी का पानी फेंक दिया। वहां मौजूद दो बच्चों पर भी रासायनिक पदार्थ के छींटे पड़ गए, जिससे वे घायल हो गए। दोनों बच्चों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात पहले से योजनाबद्ध थी या अचानक उपजे विवाद के बाद आरोपी ने हमला किया। पुलिस हमले में इस्तेमाल किए गए रासायनिक पदार्थ और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। महिला और घायल बच्चों की स्थिति तथा मामले की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है। शेयर करें Post navigation Raipur News : काव्यांश की मौत पर गरमाई सियासत, नेता प्रतिपक्ष बोले- महापौर और कमिश्नर को और कितने बच्चों की बलि चाहिए Raipur News : गांवों में बन रहीं एक लाख से ज्यादा स्थायी जल परिसंपत्तियां, ग्रामीण परिवारों को मिल रहे आजीविका के अवसर