Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के मोपका बायपास स्थित रमतला मोड़ के पास चाकू की नोक पर गुरुघासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) के सहायक प्राध्यापक और उनके दोस्त से मोबाइल व नकदी समेत 16 हजार 730 रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिग समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे की है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। सेंदरी स्थित महामाया रेसीडेंसी निवासी बसंत कुमार मैहर (54) सीयू में सहायक प्राध्यापक हैं। उन्होंने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपने दोस्त सुजीत कुमार ठाकुर को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घूमने निकले थे। मोपका बायपास की ओर जाते समय वे रास्ता भटक गए। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उनकी बाइक रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों वहां से आगे निकल गए। इसके बाद रमतला मोड़ के पास उन्होंने चार युवकों से बिरकोना जाने का रास्ता पूछा। इसी दौरान युवकों ने सुजीत कुमार को बाइक से खींचकर नीचे गिरा दिया। चारों युवकों ने चाकू निकालकर दोनों को धमकाया और उनसे लूटपाट शुरू कर दी। बदमाशों ने सुजीत की जेब से करीब 1,500 रुपये कीमत का की-पैड मोबाइल और 200 रुपये नकद लूट लिया। इसके बाद बसंत कुमार से चाकू की नोक पर करीब 15 हजार रुपये कीमत का सैमसंग मोबाइल और 30 रुपये नकद छीन लिए। लूट के बाद चारों युवक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर कोनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ के साथ संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर बरपाली गांव में दबिश देकर छह आरोपितों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में राजेश सूर्यवंशी (19) पिता मनहरण सूर्यवंशी, दुर्गेश लोनिया (28) पिता अशोक लोनिया और दुर्गेश लोनिया उर्फ दुर्गा (19) पिता कमलकांत, सभी निवासी ग्राम बरपाली, थाना कोनी, जिला बिलासपुर शामिल हैं। इनके अलावा तीन नाबालिगों को भी प्रकरण में अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपितों से लूटे गए सामान और घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त किया है। शेयर करें Post navigation Baloda Bazar News: रेलवे ट्रैक पर युवक की मौत से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी Jashpur News : भाई-बहन की लोककथा से जुड़ा है नाग दरबार, सर्प रूप में बदलने की मान्यता