Chhattisgarh Kanker News : कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भालुओं की बढ़ती गतिविधियों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला अलबेलापारा वार्ड से सामने आया है, जहां दो भालू एक घर में घुसने के बाद बाहर निकलते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। वीडियो सामने आने के बाद रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दो भालू घर के मेन गेट को पार कर बाहर निकलते हैं। इसी दौरान वहां मौजूद कुत्तों का झुंड दोनों भालुओं को घेर लेता है। कुत्तों से घिरने के बाद दोनों भालू वहां से भाग निकलते हैं। घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसके बाद लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अलबेलापारा वार्ड और आसपास के रिहायशी इलाकों में भालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है। बताया जा रहा है कि भालू आए दिन आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर तोड़फोड़ और उत्पात मचा रहे हैं। इससे लोगों को खासकर रात के समय घर से बाहर निकलने में डर लग रहा है। भालुओं की बढ़ती सक्रियता के बीच 5 अगस्त को नरहरपुर वन परिक्षेत्र के मरकाटोला-लारगांव क्षेत्र में भालू के हमले की गंभीर घटना भी सामने आई थी। इस हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई थी, जबकि एक ग्रामीण के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई थी। इस घटना के बाद इलाके में पहले से ही भय का माहौल बना हुआ है। अब रिहायशी इलाके में भालुओं के पहुंचने और घर के पास उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद होने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों की मांग है कि वन विभाग आबादी वाले क्षेत्रों में भालुओं की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी करे और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए। शेयर करें Post navigation CG Weather News: छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 13 से 17 अगस्त तक भारी बारिश के आसार Jagdalpur News : बस्तर में शिक्षा व्यवस्था की तस्वीर: तीन साल से स्कूल भवन का इंतजार, पंचायत भवन में पढ़ने को मजबूर बच्चे