Chhattisgarh Pithora News : पिथोरा । प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी मानसून की बारिश अब लोगों के लिए परेशानी के साथ खतरा भी बनती जा रही है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कई जगह तेज बहाव देखने को मिल रहा है। इसी बीच महासमुंद और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से बारिश के दौरान लापरवाही और हादसे के दो मामले सामने आए हैं।

महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़िया में बाघ नदी के तेज बहाव में 17 वर्षीय हरिशंकर ठाकुर डूब गया। घटना के बाद एनडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी नाबालिग का कोई सुराग नहीं मिल सका है। एनडीआरएफ के जवान नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाश कर रहे हैं। पिथौरा पुलिस भी मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू टीम के साथ समन्वय कर रही है।

दूसरी घटना गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के खोडरी थाना क्षेत्र की है। यहां बढ़ावनढांड-पीपरखूंटी मार्ग पर स्थित खूंटी नाले में तेज बहाव के बावजूद एक बुजुर्ग बाइक सवार ने पानी पार करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना और बाइक लेकर रपटे पर उतर गया।

नाले के बीच पहुंचते ही तेज बहाव के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बुजुर्ग बाइक समेत पानी में गिर पड़ा। हालांकि, उसने किसी तरह खुद को संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकल आया। इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के दौरान खूंटी नाले में पानी का बहाव काफी तेज हो जाता है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। दोनों घटनाएं एक बार फिर बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने से बचने की जरूरत को सामने लाती हैं।

 

शेयर करें

By admin