Chhattisgarh Bhilai Nagar News : भिलाईनगर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) ने वरिष्ठ नागरिकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर व जागरूक बनाने की दिशा में सराहनीय पहल की है। विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर स्किल डेवलपमेंट एंड इन्फॉर्मल एजुकेशन (CSDIE) की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए गए हैं। इन कोर्स के लिए 25 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।

इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल तकनीक, साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिक ज्ञान से जोड़ना है। सभी कक्षाएं चरक भवन (यूटीडी-4), सीएसवीटीयू से संचालित की जाएंगी। विश्वविद्यालय ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए तीन अलग-अलग 30 दिवसीय सर्टिफिकेट कोर्स तैयार किए हैं। प्रत्येक कोर्स में प्रतिदिन दो घंटे की कक्षा होगी।

इनमें पहला कोर्स डिजिटल ठगी, साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन सुरक्षा पर आधारित है। इसके तहत वरिष्ठ नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, डिजिटल लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने और साइबर सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी दी जाएगी। इस कोर्स की फीस 3000 रुपये निर्धारित की गई है।

दूसरा कोर्स योगा एंड मेडिटेशन का है, जिसमें शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति और तनावमुक्त जीवन के लिए योग एवं ध्यान का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कोर्स निःशुल्क रहेगा। इसके अलावा भगवद्गीता के व्यावहारिक जीवन मूल्यों और आध्यात्मिक विज्ञान पर आधारित कोर्स भी शुरू किया जा रहा है। यह कोर्स भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क होगा।

विश्वविद्यालय के अनुसार प्रत्येक कोर्स की अवधि 30 दिन होगी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद परीक्षा आयोजित की जाएगी और सफल प्रतिभागियों को ग्रेड के साथ सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। इन कोर्स में केवल वरिष्ठ नागरिक ही प्रवेश ले सकेंगे।

कोर्स शुरू करने के लिए कम से कम 13 प्रतिभागियों का पंजीयन जरूरी होगा। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि कक्षा शुरू होने के बाद जमा की गई फीस वापस नहीं की जाएगी। वहीं, जिन प्रतिभागियों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम रहेगी, उन्हें प्रशिक्षण प्रमाणपत्र प्रदान नहीं किया जाएगा। इस पहल के जरिए वरिष्ठ नागरिकों को बदलती तकनीक के साथ कदमताल करने के साथ-साथ स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक जीवन जीने के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

शेयर करें

By admin