Chhattisgarh Bhilai News : भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में लौह स्क्रैप और कोक/कोयला चोरी करने वाले संगठित गिरोह के एक और सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में 16वीं गिरफ्तारी करते हुए लोडर ऑपरेटर हेमंत देवांगन (22), निवासी ग्राम मोखा, जिला धमतरी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हेमंत देवांगन ने बताया कि वह हिमांशु ब्रदर्स कंपनी में लोडर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। गिरोह के सदस्य उससे रात के समय लौह स्क्रैप के साथ कोक और कोयला भी लोड कराते थे। इसके बाद इन सामग्रियों को फ्लू डस्ट के भीतर छिपाकर हाईवा वाहनों के जरिए भिलाई इस्पात संयंत्र से बाहर भेजा जाता था। आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए लोडर (क्रमांक CG 07 CE 0249) को भी जब्त कर लिया है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि 26 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स और हथखोज के एचआईए औद्योगिक क्षेत्र में जांच की गई थी। कार्रवाई के दौरान विभिन्न हाईवा, ट्रक और अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री भरी मिली। इसके अलावा बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप भी अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित संगठित तरीके से भिलाई इस्पात संयंत्र से फ्लू डस्ट परिवहन के दौरान लौह स्क्रैप की चोरी कर उसे अलग-अलग स्थानों पर जमा कर रहे थे। पुलिस ने मौके से करीब 250 टन लौह प्लेट, बीम कटिंग और अन्य स्क्रैप सामग्री जब्त की थी। साथ ही स्क्रैप परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल किए गए हाईवा, हाइड्रा, जेसीबी और अन्य मशीनरी भी जब्त की गई थी। शेयर करें Post navigation Raipur News : शराब घोटाले में रामगोपाल अग्रवाल को जेल, कोर्ट पहुंचे भूपेश बघेल, जांच एजेंसियों पर साधा निशाना Bhilai News : बीएसपी स्क्रैप चोरी केस में 16वीं गिरफ्तारी, लोडर ऑपरेटर हेमंत देवांगन न्यायिक रिमांड पर