Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने वर्तमान विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल की विधानसभा में सक्रियता पर सवाल उठाते हुए उन पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मंत्री पद की संभावित उम्मीद के चलते अमर अग्रवाल ने विधानसभा में सरकार से बिलासपुर की समस्याओं से जुड़ा एक भी सवाल नहीं पूछा। प्रेस क्लब बिलासपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए शैलेष पांडेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के मौजूदा कार्यकाल की आठ बैठकों के बावजूद क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर विधायक की ओर से कोई सवाल नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि सरकार से सवाल पूछने से बचने के पीछे मंत्री पद की राजनीतिक महत्वाकांक्षा है। पूर्व विधायक ने कहा कि जलभराव, पेयजल संकट, बढ़ते अपराध, ट्रैफिक जाम, जर्जर सड़कें, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, युवाओं को रोजगार, स्वामी आत्मानंद स्कूलों का बंद होना, कोनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, अपोलो अस्पताल में गरीबों के इलाज और हवाई सेवाओं जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे अब भी लंबित हैं, लेकिन इन्हें विधानसभा में नहीं उठाया गया। शैलेष पांडेय ने दावा किया कि अपने विधायक कार्यकाल के दौरान, कांग्रेस सरकार होने के बावजूद उन्होंने बिलासपुर के हित में 392 सवाल विधानसभा में पूछे थे। उन्होंने कहा कि एक विधायक का दायित्व जनता की समस्याओं को सरकार के सामने मजबूती से रखना है, न कि राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के कारण चुप्पी साध लेना। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस आगे भी जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर विधानसभा तक लगातार उठाती रहेगी। शेयर करें Post navigation Durg News: 23 दिन बाद खत्म हुई अतिथि शिक्षकों की हड़ताल, सरकार के आश्वासन पर लौटे काम पर Raipur News: ‘मोर गांव–मोर पानी’ बना जनआंदोलन, 6.60 लाख से अधिक जल संरक्षण कार्य पूरे