Chhattisgarh Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नकली नोट चलाने की कोशिश करने वाले एक युवक को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शराब दुकान में 500 रुपये का फर्जी नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के चार नकली नोट बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी भास्कर शर्मा के अनुसार, 20 जुलाई को अकलतरा स्थित देशी मदिरा दुकान से सूचना मिली कि एक युवक संदिग्ध 500 रुपये का नोट देकर शराब खरीदने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सत्येंद्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30) निवासी दोमुहानी, थाना बिलाईगढ़ के रूप में बताई। उसने बताया कि वह अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने अकलतरा आया था। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के चार संदिग्ध नोट बरामद किए गए।

बैंक जांच में नकली निकले सभी नोट

पुलिस ने बरामद नोटों की जांच स्टेट बैंक अकलतरा में कराई। बैंक की जांच में चारों नोट नकली पाए गए। इतना ही नहीं, सभी नोटों पर एक ही सीरियल नंबर अंकित था, जिससे उनके फर्जी होने की पुष्टि हो गई।

रायपुर से लाया था फर्जी नोट

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लाया था और उन्हें शराब दुकान में चलाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 180 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

शेयर करें

By admin