Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम निकुम स्थित सेवा सहकारी समिति में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में किसानों ने सोमवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए 20 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। धरने में पूर्व गृहमंत्री एवं दुर्ग ग्रामीण विधायक ताम्रध्वज साहू और जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर भी पहुंचे। दोनों नेताओं ने किसानों की समस्याएं सुनने के बाद भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सहकारी समितियों में भ्रष्टाचार के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि समिति में पिछले पांच वर्षों से आमसभा नहीं बुलाई गई है और कृषकों के अंशदान का कोई हिसाब सार्वजनिक नहीं किया गया। वर्ष 2023-24 और 2024-25 में की गई शिकायतों पर भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही प्राधिकृत अध्यक्ष पर मनमाने ढंग से समिति संचालन करने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में किसानों ने समिति और बैंक शाखा के माध्यम से आमसभा बुलाने, पिछले पांच वर्षों के अंशदान का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक करने, लंबित शिकायतों की किसानों की मौजूदगी में जांच कराने, संचालन समिति का चुनाव कराने, वर्तमान प्राधिकृत अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त करने, उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा योग्य कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग की है। किसानों ने कहा कि यदि 20 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने खाद-बीज वितरण और कृषि ऋण प्रक्रिया में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया। धरने को संबोधित करते हुए ताम्रध्वज साहू ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान केवल नारों तक सीमित रह गया है और सहकारी समितियां भ्रष्टाचार का केंद्र बन गई हैं। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस किसानों के साथ कलेक्टर कार्यालय का घेराव और चक्काजाम करेगी। धरने में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। शेयर करें Post navigation Manpur News: जल जीवन मिशन फेल! टंकी बनी शोपीस, बारिश में भी झरिया का पानी पीने को मजबूर ग्रामीण Durg News: 10 करोड़ की टैक्स चोरी का आरोप: स्टेट जीएसटी ने स्टील कारोबारी विजय यादव को किया गिरफ्तार