Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास निगम कॉलोनी में नगर निगम के सब इंजीनियर अमर सिंह चौहान का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने स्वयं के मानसिक रूप से परेशान होने का जिक्र किया है। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह का स्पष्ट उल्लेख नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और आसपास के लोगों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर अमर सिंह चौहान का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि फंदा लगाने से पहले उन्होंने अपने हाथ की कलाई भी काटी थी। इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है। बताया जा रहा है कि अमर सिंह चौहान नगर निगम में सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और हाल ही में उनका तबादला जगदलपुर किया गया था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या स्थानांतरण, व्यक्तिगत या पारिवारिक कारण उनकी मानसिक परेशानी की वजह बने। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में उसमें केवल परेशान होने का उल्लेख मिला है। नोट की लिखावट का सत्यापन कराया जाएगा और उसकी सामग्री की भी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट की जांच तथा परिजनों और परिचितों के बयान के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। शेयर करें Post navigation CG Weather: मानसून पूरी तरह सक्रिय, छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट Khairagarh News: खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: गैस एजेंसी पर छापा, रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने पर 608 सिलिंडर जब्त