Chhattisgarh Raipur News: राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा और 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा (उल्टा रथ) पूरे धार्मिक उत्साह और वैदिक परंपराओं के साथ निकाली जाएगी। रथयात्रा की शुरुआत 14 जुलाई को भगवान के नेत्रोत्सव अनुष्ठान के साथ हो चुकी है। मंदिर परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र तथा सुभद्रा के सुसज्जित रथ श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार हैं। श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष एवं विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि रथयात्रा भक्त और भगवान के प्रत्यक्ष मिलन का महापर्व है। वर्ष में केवल इसी अवसर पर महाप्रभु मंदिर से बाहर निकलकर भक्तों को दर्शन देते हैं। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सांस्कृतिक एकता और सनातन परंपराओं का प्रतीक बताया। रथयात्रा के दौरान सनातन परंपरा के अनुसार राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भगवान के रथ के समक्ष ‘छेरा पहरा’ की परंपरा निभाते हुए सोने की झाड़ू से सेवा करेंगे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहेंगे। रथयात्रा के दिन सुबह 11 वैदिक पंडितों द्वारा भगवान का महाअभिषेक किया जाएगा। इसके बाद विशेष पूजा-अर्चना कर महाप्रभु को पारंपरिक गजामूंग महाप्रसाद अर्पित किया जाएगा। दोपहर बाद वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और मंगल वाद्यों के बीच भगवान नगर भ्रमण के लिए रवाना होंगे। रथयात्रा में भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक झांकियां और लोकनृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित इस भव्य आयोजन में शामिल होने की अपील की है। शेयर करें Post navigation Bilaspur News:बिलासपुर ‘प्लेस ऑफ सेफ्टी’ से 4 बालकों के फरार होने पर बाल आयोग सख्त, अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने मांगी रिपोर्ट Raipur News: रायपुर में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, राज्यपाल डेका और CM साय निभाएंगे ‘छेरा पहरा’