Chhattisgarh News: सूरजपुर। विकासखंड प्रतापपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दूरती में सोमवार को संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें और विद्यालयी ड्रेस वितरित कर नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंद्रमणि पैकरा ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने और अपने माता-पिता, शिक्षकों, गांव व जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, “खूब पढ़ो, आगे बढ़ो और अपने सपनों को साकार करो।”

इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद भी किया। बच्चों की पढ़ाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेने के साथ उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

कार्यक्रम में अजय साहू और रमेश दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संकुल प्राचार्य श्रीमती शिवकुमारी सिंह और संकुल समन्वयक शिव दुलार पाटले ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों और शाला प्रवेश उत्सव की रूपरेखा से अवगत कराया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में नए शैक्षणिक सत्र को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

शेयर करें

By admin