Kawardha News: कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित सड़क में तकनीकी खामियां मिलने के बाद सरकार ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। राज्य स्तरीय जांच में निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी कमियां सामने आने पर निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने और गुणवत्ता निगरानी में लापरवाही बरतने वाले सहायक अभियंता सौरभ देशमुख एवं उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल निलंबित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं कार्यपालन अभियंता संतोष ठाकुर के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

बोड़ला विकासखंड के खारिया से अगरी तक बनी सड़क की जांच में पाया गया कि सड़क धंसने के पीछे शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामी और 60 से 70 टन क्षमता वाले ओवरलोड वाहनों का आवागमन प्रमुख कारण रहा। जांच के बाद क्षतिग्रस्त हिस्से को उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने, शोल्डर सुधारने और ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से बनी 3.50 किलोमीटर लंबी यह सड़क बैगा आदिवासी बहुल क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई थी। लेकिन निर्माण के महज चार महीने बाद पहली ही बारिश में सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।

सड़क में वाहन का पहिया धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि सड़क की मुख्य परत मानकों के अनुरूप है, लेकिन दोनों किनारों (शोल्डर) का निर्माण गुणवत्ताहीन था। साथ ही यह सड़क 12 टन भार क्षमता के लिए बनाई गई थी, जबकि इस पर 60 टन तक रेत से लदे हाईवा गुजर रहे थे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की निगरानी जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

By admin