Bilaspur News: जिले के कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरताल में पुरानी जमीन रंजिश और सरकारी हैंडपंप को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों परिवारों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:45 बजे भदोरिया खार निवासी हरवंश उर्फ राजू लोनिया ने आरोप लगाया कि पड़ोसी लंबे समय से जमीन विवाद को लेकर विवाद कर रहे हैं। उनका कहना है कि घर के सामने लगे शासकीय हैंडपंप में मिट्टी डाल देने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। शिकायत करने पर आरोपी उनके घर पहुंचे, गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता और अन्य ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत कराया।

वहीं दूसरे पक्ष के हरीशानंद लोनिया ने पुलिस को बताया कि पुरानी जमीन रंजिश के चलते सामने रहने वाले राजेश लोनिया, उसके भाई और पिता ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में उन्हें हाथ, चेहरे और पीठ पर चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

कोनी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

By admin