Raipur News: राजधानी रायपुर के पुराने विधानसभा सभागार में ‘यंग इंडियन पार्लियामेंट 2026’ का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के 11 स्कूलों के करीब 150 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यंग इंडियंस रायपुर चैप्टर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय लोकतंत्र, संसदीय व्यवस्था और संविधान की कार्यप्रणाली से व्यवहारिक रूप से परिचित कराना था।

मॉक पार्लियामेंट के दौरान विद्यार्थियों को सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाने का अवसर मिला। छात्रों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को सदन में उठाया तथा तर्क-वितर्क और बहस के माध्यम से अपने विचार रखे। कार्यक्रम में विधेयक पेश करने और उसे पारित करने की संसदीय प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया गया।

आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, तार्किक सोच और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक और बेहतर नेतृत्वकर्ता बन सकें।

कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों ने इसे सीखने का अनूठा अवसर बताया। आयोजन के चैप्टर राउंड में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को रीजनल राउंड में भाग लेने का मौका मिलेगा। इसके बाद चयनित छात्र दिल्ली में आयोजित फाइनल राउंड में भारतीय संसद की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर प्राप्त करेंगे।

शेयर करें

By admin