Chhattisgarh News: जिले में नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज के धंसने और सड़क में दरारें आने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने निरीक्षण तो किया, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने पर सांसद संतोष पांडे ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन और नागपुर मंडल के अंतर्गत राजनांदगांव-डोंगरगढ़ रेलखंड पर ग्राम बरगा, आलीवारा और मुसरा के बीच केंद्र सरकार की गति शक्ति योजना के तहत लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था। इसका लोकार्पण जून 2026 में हुआ था, लेकिन जुलाई की पहली ही बारिश में पुल की सड़क धंस गई और उसमें लंबी दरारें पड़ गईं।

सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि ओवरब्रिज में 60 से 70 फीट लंबी और 15 से 20 सेंटीमीटर चौड़ी दरारें आ चुकी हैं, जिससे पुल की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उनका कहना है कि वर्तमान स्थिति में यह ओवरब्रिज सुरक्षित आवागमन के योग्य नहीं है।

संतोष पांडे ने आरोप लगाया कि बारिश का पानी ओवरब्रिज की नींव तक पहुंचने से मिट्टी धंस गई, जो निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही का संकेत है। उन्होंने रेल मंत्री से निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने तथा भविष्य में किसी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

शेयर करें

By admin