Chhattisgarh News: जिले में लूट का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां बदमाशों ने पहले पिता-पुत्र से चाकू की नोक पर 50 हजार रुपये नगद लूट लिए और फिर उन्हें धमकाकर QR कोड के जरिए 28,500 रुपये अपने बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, घटना 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे की है। मनीष सोनवानी अपने पिता के साथ छोटा हाथी वाहन से मवेशियों को ग्राम रिवागहन लेकर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम दर्री और गुजरा के बीच तूफान वाहन में सवार चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने पहले पिता-पुत्र के साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उनके पास रखे 50 हजार रुपये नगद लूट लिए। इसके बाद पीड़ित को डराकर QR कोड के माध्यम से 28,500 रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए और मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन, धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन और लूटी गई रकम में से 30 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नागेंद्र साहू, नीरज ध्रुवंशी और विनय ध्रुवंशी के रूप में हुई है। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

शेयर करें

By admin