Chhattisgarh News: नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद पहली बार मोहला-मानपुर जिले में राजनांदगांव पुलिस रेंज की रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बालाजी राव की अध्यक्षता में हुई बैठक में बेहतर पुलिसिंग, तकनीक आधारित कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

स्थानीय पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर में आयोजित बैठक में राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम और मोहला-मानपुर के पुलिस अधीक्षकों ने भाग लिया। बैठक में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में बेसिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने, लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण तथा पुलिस कार्यप्रणाली में नवाचारों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

चारों जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने अपने-अपने जिलों में संचालित नवाचारों का प्रस्तुतीकरण किया। आईजी बालाजी राव ने प्रभावी नवाचारों को आवश्यकता अनुसार पूरे रेंज में लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित अपराधों, शिकायतों, सीएम हेल्पलाइन 1076, CCTNS प्रशिक्षण, रेडियो कम्युनिकेशन और अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान मोहला-मानपुर जिले की डिस्ट्रिक्ट प्रोफाइल बुक का विमोचन किया गया। इसके बाद कलेक्टर तूलिका प्रजापति की मौजूदगी में आईजी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने रक्षित केंद्र परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

समीक्षा बैठक में राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, मोहला-मानपुर के पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह सहित चारों जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पूरे रेंज में प्रभावी कानून-व्यवस्था और जनोन्मुखी पुलिसिंग को लेकर रणनीति तैयार की गई।

शेयर करें

By admin