Balod News: जिले के गुरुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भानपुरी में एक किसान के खेत में अचानक हुए रहस्यमयी भूस्खलन ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। खेत की जमीन का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे वहां गहरा गड्ढा बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि समय के साथ गड्ढे की गहराई बढ़ती जा रही है और आसपास की जमीन भी प्रभावित होने लगी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भानपुरी निवासी खेलन साहू के कृषि खेत में यह घटना हुई। किसान ने बताया कि उनके खेत में पहले कभी इस तरह की घटना नहीं हुई थी। अचानक जमीन धंसने से खेती योग्य भूमि को नुकसान पहुंचा है और भविष्य में खेती को लेकर चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि यदि धंसाव का दायरा बढ़ा तो खेत का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो सकता है।

ग्रामीणों के मुताबिक हाल के दिनों में हुई बारिश के बाद जमीन की स्थिति में बदलाव देखने को मिला है। हालांकि भूस्खलन का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। लोगों का मानना है कि इसके पीछे भूगर्भीय हलचल, मिट्टी का कटाव या अन्य प्राकृतिक कारण हो सकते हैं, जिसकी पुष्टि विशेषज्ञों की जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों को दे दी गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि राजस्व विभाग, भू-वैज्ञानिक विशेषज्ञ और तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण करे, भूस्खलन के कारणों की जांच कराए और प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करे।

साथ ही ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित स्थान के आसपास सुरक्षा घेरा बनाने की भी मांग की है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो बढ़ता धंसाव आसपास की कृषि भूमि और अन्य क्षेत्रों के लिए भी खतरा बन सकता है।

शेयर करें

By admin