Khairagarh Latest News: खैरागढ़: खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के विकासखंड छुईखदान स्थित ग्राम पंचायत श्यामपुर के पान अनुसंधान केंद्र में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) के तहत जिला स्तरीय जन सम्मेलन एवं शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, महिला स्व-सहायता समूहों, ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के शुभारंभ समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का संबोधन सुना और योजना की विशेषताओं तथा प्रावधानों की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर अतिथियों ने योजना से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा हितग्राहियों और महिला स्व-सहायता समूहों से संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण किया गया। साथ ही मशरूम शेड एवं बकरी शेड निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया तथा पान अनुसंधान केंद्र में स्थापित पान के बरेज का भी निरीक्षण किया गया।

मुख्य अतिथि एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि VB-G RAM G योजना ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजना से ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार मिलेगा तथा जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, ग्रामीण अधोसंरचना विकास और टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में ग्रामीणों को बताया गया कि योजना के तहत पात्र परिवारों को मांग के आधार पर 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही छत्तीसगढ़ में मजदूरी दर 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन किए जाने की जानकारी भी साझा की गई, जिसका ग्रामीणों ने स्वागत किया।

इस दौरान ग्राम सभाओं को और अधिक सशक्त बनाने, स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने तथा जल संरक्षण, सिंचाई, वृक्षारोपण और अन्य टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की गई।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि जिले में योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह योजना ग्रामीण रोजगार, आजीविका संवर्धन, जल संरक्षण और आधारभूत अधोसंरचना विकास के माध्यम से जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जनपद पंचायत खैरागढ़ की अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, जनपद पंचायत छुईखदान की अध्यक्ष पुष्पा प्रकाश वर्मा, जिला पंचायत सभापति भुनेश्वरी जीवन देवांगन, ललित चोपड़ा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राजू जंघेल, वरिष्ठ समाजसेवी नवनीत जैन एवं भावेश कोचर, सांसद प्रतिनिधि प्रेम नारायण चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

शेयर करें

By admin