MP News: भोपाल/सिवनी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को सिवनी जिले के दौरे पर किसानों के बीच बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए। धान महोत्सव में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने खेत में उतरकर किसानों के साथ धान की रोपाई की, उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया और खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर आत्मीय संवाद भी किया। मुख्यमंत्री की सादगी और सहज व्यवहार ने किसानों और ग्रामीणों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे और उनके साथ बातचीत कर उत्साह व्यक्त किया। मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान सिवनी जिले को विकास की बड़ी सौगात भी मिली। उन्होंने 349.33 करोड़ रुपये की लागत से 586 विकास कार्यों का लोकार्पण और 144.80 करोड़ रुपये की लागत वाले 43 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके अलावा बालाघाट-सिवनी फोरलेन सड़क निर्माण, चमारा विकासखंड में शासकीय महाविद्यालय, स्टेडियम और अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की भी घोषणा की। धान महोत्सव में किसानों को मिली बड़ी राहत सिवनी में आयोजित धान महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश कृषि क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की धान की फसल को जीआई टैग मिलने से किसानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के 3,941 किसानों को कोदो-कुटकी उत्पादन पर 1,000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 282.99 करोड़ रुपये का बोनस प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के साथ बोनस देकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। धान किसानों के लिए भावांतर योजना का ऐलान मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में धान उत्पादक किसानों के लिए भी भावांतर भुगतान योजना लागू की जाएगी। इसके तहत यदि बाजार में धान का मूल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम रहेगा तो दोनों के बीच का अंतर राज्य सरकार किसानों को देगी। उन्होंने कहा कि सरकार खेत से लेकर बाजार तक कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। श्रीअन्न को मिलेगा बढ़ावा मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कोदो-कुटकी, ज्वार, बाजरा और मक्का जैसी फसलों को गरीबों की फसल माना जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्हें ‘श्रीअन्न’ के रूप में नई पहचान दिलाई। अब इन फसलों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि मानसून पर अलनीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए कम पानी में तैयार होने वाली फसलों की खेती भी करें। इससे मौसम की अनिश्चितता के बावजूद किसानों को बेहतर उत्पादन और आय मिल सकेगी। श्रमिक परिवारों को 365 करोड़ रुपये की सहायता मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) 2.0 योजना के तहत प्रदेश के 16,754 श्रमिक परिवारों को 365 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की। उन्होंने बताया कि संबल योजना के तहत दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रुपये, सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रुपये तथा स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 1 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। साथ ही पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा भी मिल रही है। हर पात्र गरीब को मिलेगा आवास मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित सभी पात्र परिवारों का सर्वे कराया जा रहा है, ताकि उन्हें भी पक्का मकान उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित न रहे। विकास परियोजनाओं से बदलेगी सिवनी की तस्वीर मुख्यमंत्री ने कहा कि सिवनी जिले के विकास को नई गति देने के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई हैं। सड़क, शिक्षा, खेल, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों के पूरा होने के बाद जिले में विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, श्रमिकों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में किए जा रहे निवेश से मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी से कृषि नवाचार अपनाने और सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। शेयर करें Post navigation MP ATS Action: इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की जांच तेज, ATS ने तीनों आरोपियों को भेजा जेल Ujjain News: महाकाल मंदिर में चढ़े करोड़ों के सोना-चांदी पर महापौर की नजर, फिजिकल वेरिफिकेशन की मांग