Rajasthan Accident News: जयपुर। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में रात करीब 2:30 बजे हुआ, जब ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक निजी स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में बस और ट्रेलर दोनों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से छह यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य की सिर में गंभीर चोट लगने से जान चली गई।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

आग की लपटों में फंसे यात्री, बाहर निकलने का नहीं मिला मौका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई। बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कई लोग बाहर नहीं निकल सके। दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने दावा किया कि बस का इमरजेंसी गेट नहीं खुला, जिसके कारण कई यात्री अंदर ही फंस गए और समय पर बाहर नहीं निकल सके। यदि इमरजेंसी गेट काम करता, तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

यात्रियों का आरोप- काफी देर तक नहीं पहुंची मदद

हादसे में बचकर निकले यात्रियों ने बताया कि बस हंस ट्रेवल्स की थी और मंगलवार शाम करीब पांच बजे ऋषिकेश से इंदौर के लिए रवाना हुई थी। दुर्घटना के बाद बस में आग लग गई, लेकिन काफी देर तक मौके पर राहत एवं बचाव दल नहीं पहुंचा। यात्रियों का कहना है कि लगभग एक घंटे तक घायलों को तत्काल सहायता नहीं मिल सकी, जिससे हालात और गंभीर हो गए।

बस की डिक्की में मिले सिगरेट के बॉक्स

रेस्क्यू में शामिल स्थानीय ग्रामीणों ने दावा किया कि बस की डिक्की में बड़ी संख्या में सिगरेट के पैकेटों से भरे बॉक्स रखे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि इन ज्वलनशील सामानों के कारण आग तेजी से फैल गई और उस पर काबू पाने में अधिक समय लगा। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बस में सिगरेट का परिवहन नियमों के तहत किया जा रहा था या नहीं।

13 घायलों की हालत गंभीर, चार यात्री अब भी लापता

दौसा जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आर. के. मीणा ने बताया कि आठ लोगों को अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घायलों में 13 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। गंभीर घायलों में मध्य प्रदेश के इंदौर, बड़वाह, सीहोर और राजस्थान के सीकर के निवासी शामिल हैं।

प्रशासन के अनुसार चार यात्री अब भी लापता हैं। उनकी तलाश जारी है। लापता लोगों में निर्मला, प्रियंका, भूमि और दीपू शामिल हैं। आशंका है कि इनमें से कुछ लोग आग की चपेट में आए हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

राज्यपाल ने जताया शोक

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

हादसे की जांच शुरू

पुलिस और प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बस चालक की भूमिका, इमरजेंसी गेट के काम नहीं करने, बस में कथित रूप से सिगरेट के बॉक्स ले जाए जाने और राहत कार्य में हुई देरी जैसे सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

By admin