Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। हज़रत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मनाए जाने वाले यौमे आशूरा के अवसर पर शुक्रवार (26 जून) रायपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से ताजिया और मातमी जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूस को देखते हुए यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दोपहर करीब 2 बजे से शुरू होने वाला जुलूस रात 10 बजे चौबे कॉलोनी स्थित करबला तालाब पहुंचकर संपन्न होगा। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा। जुलूस में राजातालाब, मोमिनपारा, अमीनपारा, छोटापारा, बैजनाथपारा, नेहरू नगर और संजय नगर टिकरापारा सहित विभिन्न क्षेत्रों से ताजिया सवारी निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे। हैदरी मस्जिद ट्रस्ट के मुतवल्ली हैदर अली ने बताया कि मोमिनपारा से शाम 4 बजे मुख्य मातमी जुलूस निकलेगा। इसमें आकर्षक ताजिए और अलम शामिल होंगे। यह जुलूस मोमिनपारा, आज़ाद चौक, आमापारा और जीई रोड होते हुए चौबे कॉलोनी स्थित करबला तालाब पहुंचेगा। यौमे आशूरा के अवसर पर हैदरी मस्जिद में सुबह 11 बजे नमाज़ और आमाल अदा किए जाएंगे। वहीं नमाज़-ए-जुमा के बाद दोपहर 1:30 बजे मरसियाख्वानी का आयोजन होगा। इसके पश्चात आज़ाद चौक में इमामे जुमा मौलाना अल्हाज असगर मेहदी तकरीर करेंगे। करबला तालाब पहुंचने के बाद शामे गरीबां की मजलिस आयोजित होगी, जिसमें इलाहाबाद के मौलाना सैय्यद मोहम्मद अली गौहर खिताब करेंगे। जुलूस को लेकर यातायात पुलिस ने बताया कि जुलूस के गुजरने के दौरान मार्गों को चरणबद्ध तरीके से डायवर्ट किया जाएगा। नूरानी चौक, पंडरी बस स्टैंड, मौदहापारा, गुरुनानक चौक, राठौर चौक, रामसागरपारा, मोमिनपारा, आज़ाद चौक, आमापारा और आरकेसी के सामने से होकर गुजरने वाले मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा। यातायात पुलिस के अनुसार रायपुर शहर से दुर्ग-भिलाई जाने वाले वाहन शास्त्री चौक, महिला थाना चौक, कालीबाड़ी चौक, पचपेड़ी नाका और रिंग रोड-1 के वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। वहीं टाटीबंध की ओर से शहर आने वाले वाहनों को भी आवश्यकता के अनुसार रिंग रोड और अन्य वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा सिटी बसों का संचालन भी अस्थायी रूप से बदले हुए मार्गों से किया जाएगा, ताकि यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शास्त्री चौक से चौबे कॉलोनी टर्निंग तक जीई रोड के मुख्य मार्ग का उपयोग करने से बचें और यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाकर ही घर से निकलें। शेयर करें Post navigation जनता, विधि विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों से लिए जाएंगे सुझाव, UCC का ड्राफ्ट तैयार करेगी समिति Durg News: गरज-चमक के साथ हुई जोरदार बारिश, उमस से मिली राहत, खेती-किसानी को मिली नई उम्मीद