Chhattisgarh Korba News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में केंदई के पास हसदेव नदी के पुल पर एक आरक्षक की बाइक और व्यक्तिगत दस्तावेज मिलने के बाद उसके नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। बाइक के पास मोबाइल, पर्स, पुलिस आईडी कार्ड और आधार कार्ड भी मिले हैं। सूचना मिलने पर मोरगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरक्षक की तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम को बुलाया गया है।

जानकारी के अनुसार, पुल पर बाइक क्रमांक CG 14 MX 1898 खड़ी मिली। उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर आरक्षक की पहचान 31 वर्षीय सुनील बेक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र की तारापुर चौकी में पदस्थ है। पुलिस ने संबंधित थाना और चौकी को घटना की सूचना दे दी है।

घटना की जानकारी मिलने पर मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। बाइक के पास मिले सामान और दस्तावेजों को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरक्षक की तलाश के लिए SDRF के गोताखोरों की मदद ली जा रही है।

बताया जा रहा है कि हसदेव नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाशी अभियान में कठिनाई आ रही है। देर रात होने के चलते खोजबीन सुबह किए जाने की बात भी सामने आई है। फिलहाल, आरक्षक के नदी में छलांग लगाने की पुष्टि नहीं हुई है और न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरक्षक की तलाश जारी है।

शेयर करें

By admin