Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। महानदी जल बंटवारे से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे विवाद के समाधान को लेकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच बातचीत आगे बढ़ रही है। ओडिशा के महाधिवक्ता पितांबर आचार्य के अनुसार, 1 अक्टूबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित है। बैठक में दोनों राज्यों के बीच महानदी जल बंटवारे के मुद्दे पर चर्चा होगी। इस बैठक को दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से चले आ रहे जल विवाद के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है। ओडिशा के महाधिवक्ता पितांबर आचार्य ने बताया कि दोनों राज्यों के बीच आपसी समझ के आधार पर समाधान की दिशा में बातचीत जारी है। केंद्रीय जल आयोग की ओर से पिछली बैठकों से संबंधित जानकारी महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण के समक्ष भी प्रस्तुत की गई है। इससे पहले 20 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से भुवनेश्वर में मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आपसी सहयोग, विकास, जनकल्याण तथा महानदी जल विवाद सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई थी। मुलाकात के बाद सीएम साय ने कहा था कि महानदी जल विवाद के समाधान की दिशा में सकारात्मक वातावरण बना है और बातचीत के जरिए इसका समाधान निकाला जा सकता है। इससे पहले 30 जुलाई को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में नई दिल्ली में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक भी हुई थी। केंद्र सरकार ने इस बैठक के माध्यम से बातचीत, तकनीकी सहयोग और सहकारी संघवाद के जरिए महानदी जल विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में प्रयास किए थे। महानदी जल विवाद का मामला वर्ष 2018 से महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण के समक्ष लंबित है। हाल के महीनों में केंद्र सरकार, केंद्रीय जल आयोग और दोनों राज्यों के स्तर पर तकनीकी एवं आपसी बातचीत के जरिए समाधान तलाशने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। 1 अक्टूबर की प्रस्तावित बैठक में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारी जल बंटवारे से जुड़े विषयों पर आगे की दिशा पर चर्चा करेंगे। शेयर करें Post navigation Bilaspur News: खुले में शराबखोरी और चाकू लहराने का वीडियो वायरल, पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही Ambikapur News: पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने के प्रयास में कुलदीप साहू को 10 साल की सजा, दोहरे हत्याकांड के मामले में 8 अक्टूबर को होगा सजा का फैसला