CG Kawardha News: कवर्धा। कबीरधाम पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार सराहनीय पहल की जा रही है। जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित अस्थायी स्कूलों को मजबूत बनाने का कार्य जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ग्राम झुरर्गीदादर स्थित अस्थायी प्राथमिक कोचिंग सेंटर के विद्यार्थियों के लिए 27 स्कूल बैग एवं विभिन्न शैक्षणिक सामग्री उनके शिक्षक को प्रदान की। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में संचालित सामुदायिक पुलिसिंग अभियान का हिस्सा था। कार्यक्रम का उद्देश्य वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना और उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और अवसरों के अभाव में कई बार उनकी क्षमताएं सामने नहीं आ पातीं। कबीरधाम पुलिस का प्रयास है कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि स्कूल बैग और शैक्षणिक सामग्री का वितरण केवल सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ाना भी है। दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करें और समाज में बेहतर स्थान हासिल करें, यही पुलिस विभाग की मंशा है। एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास से भी जुड़ी हुई है। पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने के साथ-साथ बच्चों के भविष्य निर्माण में योगदान देना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। गौरतलब है कि कबीरधाम जिले के दुर्गम एवं वन क्षेत्रों में कबीरधाम पुलिस द्वारा कई अस्थायी स्कूल और कोचिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों में बच्चों की नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों की व्यवस्था भी की गई है। समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारी इन स्कूलों का निरीक्षण कर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और आवश्यकताओं का जायजा लेते हैं। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह बघेल, रिजर्व इंस्पेक्टर पुष्पेन्द्र प्रताप, प्रधान आरक्षक घनाराम सिन्हा, आरक्षक कृपाराम मेरावी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस की इस पहल को क्षेत्र के ग्रामीणों और अभिभावकों ने बच्चों के भविष्य के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बताया है। शेयर करें Post navigation Bijapur News: कावड़गांव के ग्रामीणों को भूमि पर मिला वैधानिक अधिकार, हितग्राहियों में खुशी की लहर Select Newspaper 18 June 2026: अब आपके मोबाइल पर भी अखबार, यहां पढ़ें “जनता के गोठ” का प्रिंट संस्करण